नई दिल्ली, 8 जुलाई (Udaipur Kiran) । केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में एलपीजी क्षेत्र की एक प्रमुख वैश्विक कंपनी बर्गेसन वर्ल्डवाइड (बीडब्ल्यू)-एलपीजी के सीईओ क्रिस्टियन सोरेंसन से मुलाकात की। इस बैठक की जानकारी खुद मंत्री पुरी ने सोशल मीडिया के माध्ययम से दी। उन्होंने बताया कि यह बैठक एलपीजी शिपिंग के क्षेत्र में भारत और बीडब्ल्यू-एलपीजी के बीच सहयोग को और मजबूत करने के उद्देश्य से हुई।
उन्होंने कहा कि बीडब्ल्यू-एलपीजी दुनिया की अग्रणी एलपीजी शिपिंग कंपनियों में से एक है। यह कंपनी बहुत बड़े गैस वाहक जहाजों का संचालन करती है, जिनकी कुल वहन क्षमता 4 मिलियन क्यूबिक मीटर से भी अधिक है। बीडब्ल्यू- एलपीजी भारत में एलपीजी आयात का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा संभालती है, जो देश की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में एक महत्वपूर्ण भागीदार है।
बैठक के दौरान पुरी और सोरेंसन के बीच भारत में एलपीजी आपूर्ति शृंखला को और अधिक मजबूत एवं स्थिर बनाने, ऊर्जा सुरक्षा बढ़ाने और रणनीतिक साझेदारी को गहरा करने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके अलावा यह भी बातचीत हुई कि कैसे बीडब्ल्यू-एलपीजी और भारतीय ऊर्जा कंपनियों के बीच सहयोग को तकनीकी और व्यावसायिक स्तर पर और बेहतर बनाया जा सकता है। पुरी ने कहा कि भारत जैसे तेजी से बढ़ते देश के लिए स्वच्छ ऊर्जा और एलपीजी जैसे विकल्पों की अहम भूमिका है। इस दिशा में निजी एवं वैश्विक भागीदारों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है।
———–
(Udaipur Kiran) / prashant shekhar